Logo
Header
img

भाजपा संगठन की रीढ़ हैं बूथ अध्यक्ष


भाजपा संगठन की रीढ़ हैं बूथ अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष जितनी महत्वपूर्ण उनकी जिम्मेदारी : डॉ. अर्चना गुप्ता

फतेहाबाद, 12 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का संगठन बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और सक्रियता के बल पर ही मजबूत होता है। बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और पार्टी में उनकी जिम्मेदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जितनी ही महत्वपूर्ण है। यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को फतेहाबाद स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और शक्ति केंद्र प्रमुखों के साथ संगठन की गतिविधियों, कार्ययोजना और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपने क्षेत्र में संगठन का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए जनता से उसका जुड़ाव ही पार्टी की मजबूती का आधार है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जिले में शक्ति केंद्रों की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश व जिला स्तर की बैठकों की तर्ज पर अब प्रत्येक महीने के तीसरे सप्ताह में शक्ति केंद्रों की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। इन बैठकों में बूथ स्तर तक की गतिविधियों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई देनी चाहिए। डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित न रहें, बल्कि पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय सहयोग करें। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. रविन्द्र बलियाला, पूर्व विधायक दुड़ाराम, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खिचड़, जिला महामंत्री अशोक जाखड़ व विकास ललोदा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ. सुमन बजाज, भाजयुमो जिलाध्यक्ष बिट्टू गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष जगदीश राय शर्मा, सविता टूटेजा, शम्मी धींगड़ा, इंद्र गावड़ी, विकास शर्मा और कंवल चौधरी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Top