असम पहुंची गुजरात एटीएस साहारुल के पिता से कर रही पूछताछ, जेईएम से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार
श्रीभूमि (असम), 28 नवंबर (हि.स.)। गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से कथित संबंध रखने और गुजरात के एक महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठान पर हमले की साजिश रचने के आरोप में असम के 22 वर्षीय युवक मोहम्मद साहारुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है। आरोपी श्रीभूमि जिले के राताबारी थाना क्षेत्र के टोंगिबारी गांव का रहने वाला है। गुजरात के बड़ोदरा में गिरफ्तारी के बाद अब गुजरात एटीएस की टीम असम पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी के घर को सील कर दिया है और उसके पिता कबीर उद्दीन को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है।
गुजरात एटीएस के अनुसार, खुफिया जानकारी मिली थी कि जेईएम के संपर्क में रहने वाला एक युवक गुजरात में किसी महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठान पर हमला करने की योजना बना रहा है। इसके बाद डीआईजी सुनील जोशी के निर्देश पर विशेष टीम ने जांच शुरू की। डिप्टी एसपी हर्ष उपाध्याय के नेतृत्व में तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। शुक्रवार को बड़ोदरा के पलड़ी बस स्टैंड के पास उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एटीएस का दावा है कि आरोपी के पास से एक एके-47 राइफल, दो खाली मैगजीन, 23 जिंदा कारतूस, जेईएम का झंडा और करीब 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी को आशंका है कि आरोपी बड़ोदरा एयरफोर्स स्टेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की योजना बना रहा था।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन में बड़ोदरा एयरफोर्स स्टेशन के प्रवेश द्वार और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की तस्वीरें मिली हैं। कुछ तस्वीरों में लाल क्रॉस के निशान भी लगाए गए थे। इसके अलावा मोबाइल में निगरानी से जुड़े वीडियो, गूगल मैप के स्क्रीनशॉट, संदिग्ध ऑडियो-वीडियो क्लिप और एके-47 प्रशिक्षण से संबंधित वीडियो मिलने की बात कही गई है।
गुजरात एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी के अनुसार, साहारुल पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के कथित हैंडलर मुफ़्ती रफ़िक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के संपर्क में था। जांच एजेंसी का दावा है कि उसे नए मोबाइल फोन खरीदने और कथित अभियान के लिए लॉजिस्टिक सहायता जुटाने के उद्देश्य से 50 हजार रुपये दिए गए थे। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, साहारुल पिछले सात दिनों से घर से लापता था। बेटे का पता नहीं चलने पर उसके पिता कबीर उद्दीन ने गुरुवार रात राताबारी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शुक्रवार को गुजरात में उसकी गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद परिवार और इलाके में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि साहारुल मद्रास में पढ़ाई कर रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गुजरात एटीएस की टीम शुक्रवार रात श्रीभूमि जिले के राताबारी पहुंची। टीम ने टोंगिबारी गांव में उसके घर और आसपास के इलाकों में जांच शुरू की। स्थानीय पुलिस ने आरोपी के घर को सील कर दिया है। वहीं, उसके पिता कबीर उद्दीन को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि साहारुल का प्रतिबंधित संगठन से संपर्क कैसे बना, क्या स्थानीय स्तर पर भी कोई व्यक्ति उसकी मदद कर रहा था और हथियार कहां से हासिल किए गए।
गुजरात एटीएस ने आरोपी के खिलाफ यूएपीए की धारा 18, 20, 23(1) और 38, भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 61, 148 और 149 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-एए) के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल, जांच एजेंसियां कथित आतंकी नेटवर्क, हथियारों की खरीद और संभावित सहयोगियों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस की ओर से स्थानीय नेटवर्क को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।