गुवाहाटी, 11 मई (हि.स.)। असम के नव नियुक्त मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं। यह भव्य आयोजन 12 मई को आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, 22 राज्यों के मुख्यमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शीर्ष नेता तथा बड़े उद्योगपति शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर असम में भाजपा और राजग के बूथ अध्यक्षों के साथ-साथ पंचायत स्तर पर निर्वाचित प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है, जिससे कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप मिला है।
आमंत्रित प्रमुख अतिथियों में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा एवं उपमुख्यमंत्री प्रेस्टन टाइनसोंग, नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो एवं उपमुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन, मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ मंत्री शामिल हैं।
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के आगमन को देखते हुए खानापाड़ा क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है तथा कई मार्गों में यातायात परिवर्तन लागू किया गया है। वीआईपी आगमन के मद्देनजर कामाख्या से खानापाड़ा और बोरझाड़ हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थल तक सड़कों की सफाई, मरम्मत और रंगाई-पुताई का कार्य पिछले तीन दिनों से लगातार जारी है।
उल्लेखनीय है कि असम के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को विधायक दल का नेता घोषित किया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मिलकर सरकार गठन का दावा पेश किया।
रविवार देर शाम राज्यपाल ने डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को असम के नए मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया। डॉ. सरमा मंगलवार को दोपहर 12 बजे खानापाड़ा वेटरिनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल तैयार किए जा रहे हैं और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।