Logo
Header
img

फरीदाबाद: बाढ़ पीडि़तों की सहायता में जुटे हैं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सदस्य

वस्त्र, भोजन,आवास एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहें हैं

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता यमुना बाढ़ पीडि़तों की सेवा करने में जुटे हुए हैं। जरूरतमंद परिवारों को आरएसएस के स्वयं सेवक वस्त्र, भोजन,आवास एवं चिकित्सा सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराने के लिए दिनरात सेवारत हैं। संघ के अनुषांगिक संगठन सेवा भारती, बजरंग दल, विश्व हिन्दू परिषद, भारत विकास परिषद, भारतीय मजदूर संघ, हिन्दू जागरण मंच के 200 से भी अधिक स्वयंसेवक गांव के सरपंच, आरडब्लूए, रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला प्रशासन एवं अन्य सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर सेवा कार्यों कर रहें हैं।

बाढ़ पीडि़तों को अपने घरों में ठहराकर संघ के स्वयं सेवकों ने एक प्रशंसनीय पहल शुरू की है। मंदिर, स्कूल, सार्वजनिक स्थल पर संघ ने अस्थाई शिविर बनाए हैं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख श्रीमान गंगाशंकर मिश्र के मार्गदर्शन में हरियाणा प्रांत के अंतर्गत बाढ़ पीडि़तों के लिए राहत कार्य किए जा रहे हैं। श्री मिश्र ने कहा कि राष्ट्रहित में एवं प्राकृतिक आपदा में मानवीय सहायता के लिए संघ सदैव तत्पर रहता है। समाज के सहयोग से पीडि़तों तक उनकी जरूरत के अनुसार सेवाकार्य करने में स्वयंसेवक दिनरात कार्यरत रहते हैं।

विभाग कार्यवाह अरुण परिहार ने बताया कि फरीदाबाद विभाग के अंतर्गत सेवा भारती द्वारा बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में सेवा कार्य में स्वयं सेवक बाढ़ पीडि़तों की हरसंभव सहायता करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि 200 से अधिक स्वयंसेवक राहत कार्यों में दिनरात सेवारत हैं। सेवा भारती के महानगर फरीदाबाद पूर्व में रामकुमार ने बताया कि बसंतपुर कॉलोनी के बाढ़ पीडि़तों की सेवार्थ शिवाजी शाखा, गुरुगोविंद शाखा और विवेकानंद शाखा द्वारा काली मंदिर, दुर्गा मंदिर, नैना देवी मंदिर एवं स्कूल में राहत शिविर बनाए गए हैं।


Top