गुवाहाटी, 14 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 13 पदक अपने नाम किए। इनमें चार स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं।
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता 9 से 13 सितंबर तक खंडवा के कल्याणगंज स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित की गई।
शिशु शिक्षा समिति, असम के प्रचार संयोजक मुकुटेश्वर गोस्वामी के अनुसार, स्वर्ण पदक नांग जेनपिन दुलाकाखरिया और रोही छेत्री ने शंकरदेव शिशु निकेतन, सापेखाती से, रणिता काकती ने शंकरदेव शिशु निकेतन, बहपति आजाद से तथा डीकू हजारिका ने शंकरदेव शिशु निकेतन, अमोलापट्टी से जीते।
रजत पदक अनंत फूकन, अंकित लोहार, गार्गी बरुवा, फूकन हिरक ज्योति चिरिंग और मयूरी गोहाईं ने हासिल किए। कांस्य पदक आस्था बोरा, आकांक्षा प्रिया दत्ता, हिरुमोनी कोंवर और ऋषिकेश बरुवा ने जीते।
पूर्वोत्तर क्षेत्र की टीम के साथ प्रबंधक भार्गव ज्योति गोगोई, पर्यवेक्षक हिमाद्री चेतिया फूकन और प्रिया रानी धर, प्रशिक्षक बिराज बरुवा और रिम्पी बरुवा तथा खेल समन्वयक मुकुल दहोटिया, फणीधर गोगोई और परमेश्वर गोगोई मौजूद रहे।
विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री डॉ. पवन तिवारी ने पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल समन्वयकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।