बाराबंकी की जैदपुर पुलिस ने तीन तस्करों को किया गिरफ्तार, 644 ग्राम अफीम बरामद
बाराबंकी, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत थाना जैदपुर पुलिस ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने तीन मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 644 ग्राम अवैध अफीम व एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामकरन पुत्र राजबहादुर निवासी काशीपुरवा थाना बदोसराय, यश तिवारी पुत्र हरिराम तथा शिवा तिवारी पुत्र रामचन्द्र निवासी रमसहाय थाना बदोसराय के रूप में हुई। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल यूपी 41 बी एम 1489 भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
थाना जैदपुर में तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी हाल में मादक पदार्थों की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया पुलिस अभियुक्तों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।