उज्जैन, 22 जनवरी (हि.स.)। शहर में रविवार सुबह दिव्यांग तिरंगा यात्रा निकली। दिव्यांगजनों ने इस यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा समापन के बाद दिव्यांगजनों के लिए खेल स्पर्धाएं भी आयोजित हुई।
यात्रा का आयोजन शंकरलाल माहेश्वरी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा किया गया। आगर मार्ग स्थित सामाजिक न्याय परिसर से प्रारंभ यात्रा क्षीरसागर, कण्ठाल, नई सड़क, दौलतगंज, मालीपुरा, देवासगेट,चामुण्डा माता मंदिर चौराहा,फ्रीगंज ओव्हरब्रीज,फ्रीगंज होकर दशहरा मैदान पहुंची। यात्रा का मार्ग में जगह-जगह स्वागत किया गया।
ट्रस्ट अध्यक्ष सत्यनारायण माहेश्वरी ने बताया कि दशहरा मैदान पर दिव्यांगजन हेतु खेल महोत्सव में क्रिकेट, कबड्डी, सायकल रेस, महिला एवं पुरुष रस्सा खेंच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पश्चात विजेता प्रतियोगियों को पुरस्कार वितरण किया गया।