मुख्यमंत्री ने भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 05 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को महान कलाकार एवं भारत रत्न से सम्मानित डॉ. भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने असम की सांस्कृतिक विरासत में महान कलाकार के अतुलनीय योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि डॉ. भूपेन हजारिका का असम की सांस्कृतिक दुनिया में योगदान अतुलनीय है। उनकी कालजयी रचनाओं और मधुर संगीत ने असमिया जाति की पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित किया और लोगों के दिलों में उनके लिए हमेशा के लिए एक विशेष स्थान बनाया।
उन्होंने कहा कि महान कलाकार के गीतों और प्रस्तुतियों का साक्षी बनना लोगों के लिए वास्तव में परम सौभाग्य की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. हजारिका की रचनाओं में समाहित मानवता, समानता और सद्भाव का संदेश आने वाली पीढ़ियों को युगों-युगों तक प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने महान कलाकार की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत को नमन करते हुए उनके प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त की।