सिलीगुड़ी, 24 अगस्त (हि. स.)। काम दिलाने का झांसा देकर एक नाबालिग लड़की को नेपाल ले जाकर तस्करी करने की कोशिश के मामले में खोरीबाड़ी थाने की पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान एमडी मैईउद्दीन के रूप में हुई है। आरोपित को सोमवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने छह दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आठ अगस्त को भारत-नेपाल सीमा से नेपाल ले जाने से पहले एक नाबालिग लड़की को बरामद किया गया था। इस मामले में एनजेपी शांतिपाड़ा निवासी रबीउल को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद आगे की जांच शुरू हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने रबीउल को दो चरणों में कुल आठ दिनों की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस ने करण नामक एक अन्य आरोपित को सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया। उससे भी पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।