Logo
Header
img

केंद्रीय मंत्री तोमर व प्रदेश संगठन मंत्री ने आधी रात को ग्वालियर के चौराहों पर लगाए झंडे

ग्वालियर, 19 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्य समिति की बैठक रविवार को ग्वालियर में होनी है, जिसमें केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। बैठक को लेकर शहर में जोर-शोर से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और चौराहों पर बैनर, पोस्टर व पार्टी के झंडे लगाए जा रहे हैं। 

शुक्रवार आधी रात को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री हितानंद शर्मा भी कार्यकर्ताओं के साथ शहर के चौराहों पर पार्टी झंडे लगाते नजर आए। दरअसल, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा आधी रात को ग्वालियर में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों का जायजा लेने के लिए निकले थे। इस दौरान तोमर ने पुराने दिनों का स्मरण करते हुए नगर के प्रमुख चौराहे पर सामान्य कार्यकर्ता की तरह पार्टी के झंडे लगाए, ताकि संगठन का कार्यकर्ता बेझिझक होकर यह काम कर सके।

 वहीं, हितानंद शर्मा ने भी विवेकानंद चौराहे पर ध्वज पर पोस्टर लगाए। केंद्रीय मंत्री तोमर ग्वालियर के ही रहने वाले हैं और उन्हें सभी जानते हैं। आधी रात को उन्हें चौराहों पर पार्टी के झंडे लगाते देख सड़कों से गुजरने वाले लोग हैरान थे। उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि इतने बड़े कद वाले नेता पार्टी का झंडा क्यों लगा रहे हैं, जबकि यह काम पार्टी के आम कार्यकर्ताओं का है। इस संबंध में नरेंद्र सिंह तोमर का कहना था कि पहले संगठन के पास इतने संसाधन नहीं होते थे। इसलिए दीवार लेखन से लेकर पोस्टर लगाने का काम कार्यकर्ता ही मिलकर करते थे। वे भी पार्टी के आम कार्यकर्ता हैं।
Top