Logo
Header
img

धमतरी में दिखा दाना का असर, तीन डिग्री पारा गिरा

धमतरी, 26 अक्टूबर (हि.स.)।शनिवार सुबह से शाम तक मौसम पल-पल बदलता रहा। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात दाना का असर धमतरी जिला में भी देखने को मिला। सुबह बादल छाने के साथ तेज हवा चली। वहीं बादल छाया भी रहा। अन्य दिनों की अपेक्षा तापमान का पारा दो से तीन डिग्री गिरा। इधर आसमान में बादल छाने से खरीफ धान फसल की कटाई-मिंजाई में व्यस्त किसानों की धड़कनें तेज हो गई, क्योंकि दोपहर में बेमौसम बारिश होने की स्थिति वातावरण में बन गई थी।


अलसुबह से मौसम में परिवर्तन दिखा। कोहरा छाने के साथ सुबह से ही 10 से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। बादल भी आसमान में छाया रहा। दोपहर में भी बादल छाया रहा। मौसम में उतार-चढ़ाव होता रहा। दोपहर का अधिकतम तापमान सिर्फ 31 डिग्री रहा, जबकि अन्य दिनों में तापमान का पारा 33 से 34 डिग्री तक चढ़ता है। मौसम में बदलाव से तापमान का पारा भी दो से तीन डिग्री गिर गया। अचानक मौसम परिवर्तन ने खरीफ धान फसल की कटाई-मिंजाई में जुटे किसानों की धड़कनें बढ़ा दी है, क्योंकि अर्ली वेराइटी के धान फसल लेने वाले अधिकांश किसानों के खेतों में धान फसल पककर तैयार है और कटाई-मिंजाई में किसान व्यस्त है।


मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि चक्रवात दाना का असर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिला है। 26 अक्टूबर को तेज हवा के साथ मौसम परिवर्तन हुआ। 27 व 28 अक्टूबर को भी कुछ जगह बारिश होने का अनुमान है। 27 अक्टूबर तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में सामान्यतः बादल छाने के आसार है। इस बीच अधिकतम तापमान में गिरावट होने व न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना है। भू अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक जिले में 1043.5 मिमी औसत वर्षा हुई है। सबसे अधिक बेलरगांव तहसील में 1338.5 मिमी और सबसे कम मगरलोड तहसील में 794.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसी तरह धमतरी तहसील में 1021.3 मिमी, नगरी तहसील में 1293.5 मिमी, कुरूद तहसील में 911.8 मिमी, भखारा तहसील में 822.4 मिमी और कुकरेल तहसील में 1122.8 मिमी बारिश हुई है।


Top