कोडरमा, 9 फरवरी (हि. स.)। तिलैया थाना क्षेत्र के कोडरमा स्टेशन के पास जानकी होटल के सामने गुरुवार सुबह करीब सात बजे एक विक्षिप्त व्यक्ति ने साइकिल से जा रहे होटल के गार्ड पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में साइकिल सवार व्यक्ति को गंभीर चोट आई है।
जानकारी के अनुसार मडुआटांड निवासी संजय राम ( 40) होटल रामेश्वरम से नाइट ड्यूटी करने के बाद अपने घर लौट रहा था। इस दौरान जानकी होटल के समीप सड़क पर लाठी लेकर घूम रहे विक्षिप्त ने संजय के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इसके बाद साइकिल सवार संजय सड़क पर गिर गए। सड़क पर गिरने के बाद भी विक्षिप्त ने कई बार उनके ऊपर वार किया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल संजय को बचाने आसपास के लोग दौड़े। इस दौरान विक्षिप्त व्यक्ति ने एक दूसरे व्यक्ति पर भी हमला किया, जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और इसकी सूचना तिलैया पुलिस को दी।
तिलैया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया है, जहां उसकी स्थिति को गंभीर रिम्स रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने विक्षिप्त व्यक्ति को अपने हिरासत में लिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि विक्षिप्त व्यक्ति पिछले तीन-चार दिनों से इलाके में कभी पत्थर तो कभी डंडा लेकर घूम रहा था। घायल संजय राम की स्थिति गम्भीर बनी हुई है।