पन्ना, 18 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पन्ना पुलिस ने मार्कशीट पर लोन और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महेश चंद्र उर्फ धीरेंद्र सिंह निवासी महोबा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी और फर्जी आधार कार्ड सहित करीब 3.60 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को छतरपुर निवासी धीरेंद्र सिंह ठाकुर बताकर कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया। उसने फरियादी वृन्दावन प्रजापति को मार्कशीट के आधार पर 60 प्रतिशत सब्सिडी के साथ 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा दिया और फाइल चार्ज, स्टांप तथा मैनेजर कमीशन के नाम पर करीब 4.94 लाख रुपये ठग लिए।
इसी तरह आरोपी ने विनोद कुमार प्रजापति से महिला एवं बाल विकास विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये लिए और फर्जी जॉइनिंग लेटर भेज दिया। वहीं विवेक गुप्ता से भी सरकारी नौकरी का झांसा देकर 4.35 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में सिमरिया थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री और साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के ग्राम ननौरा से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी नाम और दूसरे लोगों के नाम से जारी सिम कार्ड व फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करता था। वह ठगी की रकम नकद या आसपास के कियोस्क खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर कराकर निकाल लेता था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पन्ना के अलावा दमोह, कटनी और जबलपुर जिलों में भी कई लोगों से इसी तरह ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और अन्य मामलों की जांच में जुटी है।