नई दिल्ली, 11 मई (हि.स.)। स्कॉटलैंड ने आगामी महिला टी20 विश्व कप के लिए सोमवार को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम में अनुभवी स्पिनर किर्स्टी गॉर्डन की वापसी सबसे बड़ी चर्चा का विषय रही। गॉर्डन लगभग सात साल बाद फिर से स्कॉटलैंड की जर्सी में नजर आएंगी।
28 वर्षीय बाएं हाथ की स्पिनर किर्स्टी गॉर्डन ने 2012 से 2017 के बीच स्कॉटलैंड के लिए 60 मुकाबले खेले थे। इसके बाद उन्होंने 2018 टी-20 विश्व कप से पहले इंग्लैंड के लिए खेलने का फैसला किया था। अब दिसंबर 2025 में स्कॉटलैंड के लिए फिर से खेलने की इच्छा जताने के बाद उनकी राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है।
गॉर्डन ने इंग्लैंड के लिए 2018 महिला टी-20 विश्व कप में पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ अपने पदार्पण मैच में 16 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा 2019 एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच भी खेला था।
स्कॉटलैंड टीम की कप्तानी कैथरीन ब्राइस करेंगी। टीम में पिछले साल मलेशिया में हुए अंडर-19 विश्व कप अभियान से उभरी तीन युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिला है। इनमें गेंदबाज गैब्रिएला फोंटेनला, मैसी मसेइरा और विकेटकीपर बल्लेबाज पिप्पा स्प्रौल शामिल हैं।
स्कॉटलैंड महिला टीम के मुख्य कोच क्रेग वालेस ने कहा कि टीम का चयन करना बेहद कठिन था, जो स्कॉटलैंड में महिला क्रिकेट के बढ़ते स्तर को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि किर्स्टी गॉर्डन का स्कॉटलैंड लौटना इस बात का संकेत है कि हमारी टीम ने पिछले कुछ वर्षों में कितना विकास किया है। वह विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और उनके आने से टीम का स्तर और ऊंचा होगा।
स्कॉटलैंड लगातार दूसरी बार महिला टी-20 विश्व कप में हिस्सा लेगा। टीम ने अक्टूबर 2024 में यूएई में पहली बार इस टूर्नामेंट में भाग लिया था। टी-20 विश्व कप में स्कॉटलैंड को ग्रुप-बी में इंग्लैंड, आयरलैंड, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ रखा गया है। स्कॉटलैंड अपना पहला मुकाबला 13 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा।
स्कॉटलैंड टीम
कैथरीन ब्राइस (कप्तान), क्लोए एबेल, ओलिविया बेल, सारा ब्राइस, डार्सी कार्टर, प्रियनाज चटर्जी, गैब्रिएला फोंटेनला, कैथरीन फ्रेजर, किर्स्टी गॉर्डन, एल्सा लिस्टर, मैसी मसेइरा, अब्ताहा मकसूद, मेगन मैककोल, रैचल स्लेटर और पिप्पा स्प्रौल।