Logo
Header
img

राष्ट्रमंडल खेल 2026: तेजस शिर्से 110 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में, गुरिंदरवीर 100 मीटर हीट से बाहर

ग्लासगो, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय एथलीट तेजस शिर्से ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, भारत के तेज धावक गुरिंदरवीर सिंह पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा की हीट से आगे नहीं बढ़ सके, जिससे उनका पदक जीतने का सपना टूट गया।

तेजस शिर्से ने पहली हीट में हिस्सा लिया और 13.76 सेकंड का समय निकालते हुए तीसरे स्थान पर रहे। फाइनल में पहुंचने के लिए अपने हीट में शीर्ष तीन में रहना या दोनों हीटों के संयुक्त परिणाम में शीर्ष आठ में स्थान बनाना आवश्यक था। खराब शुरुआत के बावजूद तेजस ने शानदार वापसी करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।

इस हीट में इंग्लैंड के सैमुअल बेनेट ने 13.20 सेकेंड के समय के साथ पहला, जबकि जमैका के जेरोम कैंपबेल ने 13.33 सेकंड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

वहीं, भारत के उभरते धावक गुरिंदरवीर सिंह से 100 मीटर स्पर्धा में पदक की बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वह हीट दौर से ही बाहर हो गए। गुरिंदरवीर ने 10.39 सेकेंड का समय निकाला, जो सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पर्याप्त नहीं था। सभी 11 हीट के बाद वह 73 धावकों में 28वें स्थान पर रहे। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए लगभग 10.24 सेकेंड का समय जरूरी था।

राष्ट्रमंडल खेलों से पहले गुरिंदरवीर ने मई में रांची में आयोजित फेडरेशन कप में 10.09 सेकेंड का समय निकालकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था और 10.10 सेकेंड से कम समय निकालने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक बने थे। हालांकि, राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण कर रहे गुरिंदरवीर उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं सके।

इस बीच, भारत के मुरली श्रीशंकर ने भी पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। बर्मिंघम 2022 के रजत पदक विजेता श्रीशंकर ने पहली ही कोशिश में 8.01 मीटर की छलांग लगाकर सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। फाइनल में सीधे प्रवेश के लिए 8.00 मीटर की छलांग या शीर्ष-12 में स्थान हासिल करना आवश्यक था। अब श्रीशंकर की नजर बर्मिंघम के रजत पदक को इस बार स्वर्ण में बदलने पर होगी।

Top