मुरादाबाद, 22 जून (हि.स.)। नेक्स्ट जेन प्रीमियर लीग (मिनी आईपीएल-3) में सोमवार को खेले गए दो मुकाबलों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पहले मैच में स्पोर्ट्स चैलेंजर्स ने नेक्स्ट जेन इंडियंस को 148 रन से करारी शिकस्त दी, जबकि दूसरे मुकाबले में बीआईपी टाइटन-11 ने नेक्स्ट जेन सुपर जायंट्स को चार विकेट से हराकर जीत दर्ज की। पहले मैच में नितिन को व दूसरे मैच में यश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मुरादाबाद डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि आज पहले मैच में स्पोर्ट्स चौलेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान नितिन ने महज 72 गेंदों पर 19 चौकों और 15 छक्कों की मदद से नाबाद 189 रन की तूफानी पारी खेली। यश ने 23 और अमीर हमजा ने 17 रन बनाए।
जवाब में नेक्स्ट जेन इंडियंस की पूरी टीम 18.3 ओवर में 108 रन पर सिमट गई। अब्दुल ने 44 रन बनाए। आर-1 की ओर से यश ने घातक गेंदबाजी करते हुए छह विकेट चटकाकर विपक्षी चल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इस मैच में नितिन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं दूसरे मुकाबले में नेक्स्ट जेन सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 135 रन बनाए। जकी मलिक ने नाबाद 47 और राकिच अंसारी ने 33 रन का योगदान दिया। वीआईपी टाइटन-11 की ओर से यश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके।
जवाब में बल्लेबाजी करते हुए वीआईपी टाइटन 11 ने 18.1 ओवर में छह विकेट पर 137 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इसमें मुनेंद्र प्रताप ने 20 गेंदों में नाबाद 40 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि युवराज सिंह ने 39 और विपिन यादव ने 17 रन बनाए। टीम की ओर से यश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।