Logo
Header
img

स्मृति ईरानी रायपुर पहुंची

रायपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज रायपुर पहुंची। । प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ प्रवास है। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री व सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू भी रायपुर पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने उनका स्वागत किया।

एयरपोर्ट पर उनका स्वागत सादगी से किया गया। संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारी और विधायक स्वागत के लिए पहुंचे। स्वागत के लिए प्रस्तावित भाजयुमो की बाइक रैली स्थगित कर दी गई। एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक पार्टी के झंडे लगाए गए हैं। एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी भाजपा कार्यालय पहुंची।

रविवार को सुबह 11:00 से 11:30 बजे तक ईरानी और शम्भू प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। इसके बाद 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी। दोपहर 12:30 से 01:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और रणनीतिक बैठक होगी। 01:30 से 02:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह-प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक होगी।

दोपहर 03:30 से शाम 05:00 बजे तक पूर्व विधायकों और सांसदों तथा शाम 05:30 से 07:00 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। रात 07:00 से 08:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की जाएगी।

दोनों नेता 25 और 26 अक्टूबर को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन और जनप्रतिनिधियों के साथ कुल 12 बैठकों में शामिल होंगे।पार्टी सूत्रों के अनुसार, दौरे से पहले ईरानी ने मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारियों से इंटरनेट मीडिया पर व्यक्तिगत प्रचार के बजाय केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करने को कहा है।

Top