ऑर्केस्ट्रा में फरमाइशी गीत पर विवाद, दूल्हे के चाचा की चाकू मारकर हत्या
सीवान, 08 मई (हि.स.)। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के नगई गांव में गुरुवार की रात एक शादी समारोह उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गया, जब ऑर्केस्ट्रा में फरमाइशी गीत बजाने को लेकर बारातियों और गांव के युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी शुरू हो गई, जिसमें दूल्हे के चाचा की मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मृतक रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के है। हरनाथपुर लक्ष्मीपुर निवासी ओम प्रकाश शाह के पुत्र मनीष कुमार साह के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि मनीष कुमार अपने भतीजे की बारात लेकर नगई गांव स्थित रिशुन साह के घर पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, द्वार पूजा के बाद जानवासे में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था. रात करीब साढ़े बारह बजे फरमाइशी गीत बजाने को लेकर बारातियों और गांव के कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई।
हालांकि उस समय मामला शांत करा दिया गया, लेकिन थोड़ी देर बाद गांव के कुछ मनचले युवक फिर पहुंचे और बारातियों पर चाकू से हमला बोल दिया।
हमले में मनीष कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, हत्या की घटना से दूल्हा पक्ष में भारी आक्रोश है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर नगई गांव पहुंच गए हैं।
परिजनों की मांग है कि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो।बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोग आरोपी के दरवाजे पर ही मृतक का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगई गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।अधिकारी लगातार परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे हैं ताकि माहौल और न बिगड़े।