Logo
Header
img

दिल्ली में कड़ाके की ठंड, सुबह न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों को आज फिर एक और सर्द सुबह का सामना करना पड़ा। न्यूनतम तापमान एकल अंक में दर्ज किया गया। कोहरे के कारण कई उड़ानें और ट्रेनें विलंबित हुईं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली में आज सुबह लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सिलय रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे तक आर्द्रता का स्तर 100 फीसदी दर्ज किया गया। आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। रेलवे के अनुसार, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 11 रेलगाड़ियां चार घंटे की देरी से चल रही हैं। पालम में तड़के 2:00 बजे दृश्यता 400 मीटर से घटकर 2:30 बजे 100 मीटर हो गई और सुबह 3:00 बजे से यह और भी कम होकर शून्य मीटर हो गई। विभाग के अनुसार सुबह 6:30 बजे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों पंजाब से लेकर हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश तक कोहरे की परत छायी रही। उत्तर रेलवे के अनुसार, घने कोहरे के कारण अमृतसर-नांदेड़ एक्सप्रेस, पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, अंबेडकरनगर-कटरा और मानिकपुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस जैसी लगभग 11 ट्रेनें देरी से चलीं। दिल्ली हवाईअड्डे पर यात्रियों को कुछ विमान उड़ानों के रद्द होने पर परेशानी का सामना करना पड़ा।
Top