Logo
Header
img

मप्रः भाजपा के वरिष्ठ नेता आज विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के प्रवास पर रहेंगे

लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भाजपा के वरिष्ठ नेता आज (शुक्रवार को) प्रदेश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खजुराहो व नर्मदापुरम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा खजुराहो, दमोह एवं पन्ना, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा रीवा, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य व कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मैहर, सतना, बिरसिंहपुर, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल दमोह और न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा दमोह में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रातः 11.55 बजे खजुराहो विमानतल पहुंचेंगे और दोपहर 12.55 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवानी करेंगे। डॉ. यादव शाम चार बजे होशंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के सोहागपुर में स्थानीय कार्यक्रम और शाम 5.05 बजे इटारसी में आयोजित रोड शो में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा दोपहर दो बजे दमोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ जनसभा में शामिल होंगे। शाम 6 बजे पन्ना जिले के गुन्नौर के विभिन्न मंडलों में जनसंपर्क कर संवाद करेंगे। वहीं, पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा रीवा में विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय प्रातः 11 बजे मैहर एवं दोपहर 1 बजे सतना में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे दोपहर तीन बजे बिरसिंहपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, मंत्री प्रहलाद पटेल और भाजपा के न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा दमोह प्रवास पर रहेंगे। अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य अशोकनगर जिले में रात्रि 8.30 बजे विधानसभा टोली के साथ बैठक में शामिल होंगे।
Top