Logo
Header
img

रिकॉर्ड स्तर तक लुढ़का रुपया, 94 रुपये प्रति डॉलर के करीब पहुंची भारतीय मुद्रा

नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारतीय मुद्रा रुपये की कमजोरी लगातार बढ़ती जा रही है। आज भारतीय मुद्रा ने एक बार फिर ऑल टाइम लो का नया रिकॉर्ड बनाया। कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी, ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट में हुई बढ़ोतरी, डॉलर की मजबूती और उसकी मांग हुई बढ़ोतरी तथा विदेशी निवेशकों द्वारा भारतीय बाजार में अंधाधुध तरीके से बिकवाली कर अपना पैसा निकालने की वजह से रुपये पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

इसी दबाव की वजह से इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में भारतीय मुद्रा डॉलर की तुलना में 93.98 रुपये प्रति डॉलर के अभी तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई। हालांकि इसके बाद इसकी स्थिति में मामूली सुधार भी हुआ, जिसके कारण भारतीय मुद्रा 26 पैसे की कमजोरी के साथ 93.97 रुपये प्रति डॉलर (अनंतिम) के स्तर पर बंद हुई। इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय मुद्रा 93.71 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुई थी।

अमेरिका और इजराइल तथा ईरान के बीच जारी जंग के कारण बन रहे कमजोर ग्लोबल संकेतों, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में रिकवरी से डॉलर को मिल रहे सपोर्ट और कच्चे तेल की कीमत में आए उछाल का असर आज भारत के मुद्रा बाजार में साफ साफ नजर आया। मुद्रा बाजार में बने नकारात्मक माहौल के कारण रुपये ने आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ ही की थी। इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में भारतीय मुद्रा ने आज सुबह डॉलर के मुकाबले 12 पैसे की कमजोरी के साथ 93.83 रुपये के स्तर से कारोबार की शुरुआत की थी।

आज का कारोबार शुरू होने के बाद रुपये की स्थिति में मामूली सुधार भी आया, जिससे ये 93.79 के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों ने लगातार बिकवाली कर अपने पैसे की निकासी शुरू कर दी, जिससे मुद्रा बाजार में डॉलर की मांग तेज हो गई। ऐसा होने पर रुपये की कीमत भी तेजी से लुढ़कने लगी। डॉलर की मांग में तेजी आने और रुपये पर दबाव बढ़ने के कारण भारतीय मुद्रा फिसल कर क्लोजिंग के अभी तक के सबसे निचले स्तर 93.97 रुपये प्रति डॉलर (अनंतिम) के स्तर पर बंद हुई।

मुद्रा बाजार के आज के कारोबार में रुपये ने डॉलर के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन जरूर किया, लेकिन ब्रिटिश पौंड (जीबीपी) और यूरो के मुकाबले रुपये के भाव में तेजी दर्ज की गई। आज के कारोबार के बाद ब्रिटिश पौंड (जीबीपी) की तुलना में रुपया 72.97 पैसे की मजबूती के साथ 124.68 (अनंतिम) के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह यूरो की तुलना में रुपया आज 20.86 पैसे की बढ़त के साथ 108.01 (अनंतिम) के स्तर पर पहुंच कर बंद हुआ।

खुराना सिक्योरिटीज एंड फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ रवि चंदर खुराना के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर हमला तेज करने और उसके पावर सेक्टर्स को निशाना बनाने की चेतावनी देने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड क भाव में तेजी का रुख बन गया, जिसकी वजह से रुपये समेत एशिया की सभी दूसरी मुद्राओं में डॉलर के मुकाबले बड़ी गिरावट दर्ज की गई। खासकर, थाईलैंड की मुद्रा भाट, फिलीपींस की मुद्रा पेसो और ताइवानी डॉलर में तो रुपये से भी अधिक गिरावट दर्ज की गई।

खुराना का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण भारतीय बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों, इंपोर्टर्स और ट्रेडर्स की ओर से डॉलर की डिमांड में काफी तेजी आ गई है। ऐसी स्थिति में रुपये पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिका और इजराइल तथा ईरान के बीच जारी जंग की शुरुआत होने के बाद से लेकर अभी तक रुपये की कीमत में 3.17 प्रतिशत तक टूट चुका है। जनवरी से अभी तक की अवधि में डॉलर की तुलना में रुपये की कीमत में 4.40 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।

---------------

Top