धरती पर जन्म लेने वाले सभी की मौत निश्चित है लेकिन कुछ लोग मरकर भी अमर हो जाते हैं। ऐसी शख्सियत में एक नाम जुड़ गया है बेगूसराय के अधिवक्ता अवधेश कुमार लाल का। जिनके मृतक शरीर का उपयोग इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) पटना के मेडिकल छात्र आगे की शिक्षा के लिए करेंगे।
बीती रात उनका निधन हो जाने के बाद उनके पत्रकार पुत्र निरंजन कुमार सिन्हा ने स्व. लाल का पार्थिव शरीर सोमवार को आईजीआईएमएस पटना पहुंचकर दधिचि देहदान समिति की उपस्थिति में सौंप दिया। स्वर्गीय लाल बेगूसराय जिला के पहले ऐसे व्यक्ति हैं जिनका पार्थिव शरीर किसी मेडिकल कॉलेज को दान किया गया है। इस कार्य की हर ओर सराहना हो रही है।
राज्यसभा सदस्य और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इस नेक कार्य की प्रशंसा किया है। तेघड़ा प्रखंड के बनहारा गांव निवासी अधिवक्ता अवधेश कुमार लाल बेगूसराय के डुमरी आवास पर रविवार की रात दस बजकर 23 मिनट पर अंतिम सांस ली। डॉ. लक्ष्मी लाल के पांच पुत्र में सबसे बड़े अवधेश कुमार लाल का जन्म दस जनवरी 1944 को हुआ था। वे बाल काल से ही निरामिष रहे तथा आरएसएस के बाल स्वयंसेवक भी थे। प्रारंभिक पढ़ाई प्राथमिक विद्यालय बनहारा, हाई स्कूल की पढ़ाई आरकेसी स्कूल फुलवरिया एवं स्नातक एपीएसएम कॉलेज बरौनी से किया है। वकालत की पढ़ाई उन्होंने पटना लॉ कॉलेज से किया। उसके बाद बेगूसराय सिविल कोर्ट में 1970 से 27 अगस्त 2023 तक दीवानी केस के क्षेत्र में योगदान दिया। उनकी पहचान एक योग शिक्षक के रूप में भी थी। उन्होंने मुंगेर योग विश्वविद्यालय से विधिवत कोर्स कर रखा था और निःशुल्क योग सिखाते थे। इसके साथ ही वकालत पेशा को हमेशा सेवा के रुप में आत्मसात किया। सीमित दोस्ती की और उसे आजीवन गंभीरता से निभाया।2015 के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राधा कृष्ण सिन्हा के माध्यम से खुद स्वेच्छा से देहदान किया था। इसके साथ ही उनके इकलौते पुत्र निरंजन कुमार सिन्हा, पत्नी कवियत्री मुकुल लाल एवं पुत्रवधू इंदू ने देहदान किया था।
आईजीआईएमएस में पार्थिव शरीर सौंपने के बाद निरंजन कुमार सिन्हा ने बताया कि पूरे परिवार ने अपना देह दान कर रखा है। उन्होंने कहा कि मरने के बाद शरीर जलाने या मिट्टी में दफन करने से अच्छा है कि उसका उपयोग चिकित्सा जैसे अद्भुत क्षेत्र में हो।
अवधेश कुमार लाल की निधन की सूचना मिलते ही अधिवक्ताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई। मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह, दूरदर्शन के पूर्व अपर महानिदेशक सुधांशु रंजन, पूर्व मेयर संजय कुमार, अधिवक्ता दीपक सिन्हा, पत्रकार कुमार भवेश, आरिफ हुसैन, संतोष श्रीवास्तव, कन्हैया झा, सुमित कुमार, सौरव कुमार एवं उत्पल कुमार आदि ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। न्यायालय में शोक सभा के बाद अवकाश दे दिया गया।