हाथों में तिरंगा, देश भक्ति के तरानों के बीच बाबा महाकाल के भजनों के साथ काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालू भगवान भोलेनाथ की भक्ति में झूम उठे। भगवान भोलेनाथ के साथ भारतमाता के दर्शन व जयकारों से पूरा माहौल देशभक्ति एवं शिवभक्ति में तल्लीन हो गया। श्रावण और अधिक मास में प्रति सोमवार को प्रभु राठौड़ परिवार द्वारा भगवान महाकाल के दर्शनार्थ निकाली जा रही है नि:शुल्क तीर्थ यात्रा आज सोमवार को भी निकाली गई, जिसमें दो हजार से अधिक यात्री बसों से उज्जैन ले जाए गए। काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर पर कथा वाचक महिमा व्यास दीदी ने 108 पवित्र स्थानों के जल की पूजा कर यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा के पूर्व महिमा व्यास दीदी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सावन एवं अधिक मास में राठौड़ परिवार द्वारा आप सभी को महाकाल तीर्थ की यात्रा कराने का पुण्य काम कर रहा है। पैसा तो सभी के पास होता है। लेकिन हर कोई खर्च नहीं करता। पुण्य की कमाई सबसे बड़ी कमाई है और राठौड़ परिवार के मुखिया प्रकाश प्रभु राठौड़ आप सबको यात्रा कराकर पुण्य की कमाई कर रहे है। ऐसे व्यक्ति को वंश का भागीरथी कहा जाता है जो सनातन धर्म की ध्वजा लहरा रहे हैं।
नन्हीं बालिका भारतमाता का रूप धारण कर विशेष रूप से शामिल हुई। भगवान भोलेनाथ की विशालकाय प्रतिमा के साथ वाहन पर तिरंगे लहरा रहे थे तो भारतमाता का रूप धारण कर नन्हीं बालिका भी वाहन पर सवार थी। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। प्रत्येक बसों पर तिरंगा लहरा रहा था तो बस के अंदर सवार श्रद्धालु हाथों में तिरंगा लेकर बाहर की तरफ लहराते हुए भारतमाता की जय और बाबा महाकाल के जयकारे लगा रहे थे। शहर के विभिन्न मार्गों से तीर्थ यात्रियों की बसे उज्जैन के लिए प्रस्थित हुई। मार्ग में जगह-जगह स्वागत किया गया।