कानपुर,03 फरवरी (हि.स.)। शिक्षक एमएलसी सीट पर छठवीं बार राज बहादुर सिंह चंदेल 5229 मत से विजयी घोषित हुए। वहीं स्नातक निर्वाचन के लिए भाजपा के अरुण पाठक ने भारी मतों से विजय हासिल की। भाजपा ने तीसरी बार इस सीट पर अपना परचम लहराया है। हालांकि प्रशासन ने अभी परिणाम घोषित नहीं किया है।
कानपुर—उन्नाव स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी की हार जीत के लिए मतगणना 22 घंटे चली। जिसके बाद परिणाम घोषित कर दिया गया है। शिक्षक एमएलसी के लिए अन्तिम वरीयता की भी मतगणना हुई। जिसमें राजबहादुर सिंह चंदेल को विजयी घोषित किया गया।
स्नातक एमएलसी सीट पर भाजपा के अरुण पाठक ने भारी मतों से जीत हासिल की। इस सीट की मतगणना शुक्रवार सुबह छह बजे तक हुई। अरुण पाठक को 53285 मत मिले। डॉ. कमलेश यादव को आठ हजार वोट मिले थे। कोटे के 50 प्रतिशत से अधिक मत मिलने के कारण उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया।
शिक्षक एमएलसी सीट के लिए कई वरीयता के मत गिने गए
शिक्षक एमएलसी के लिए सुबह 5 बजे तक अंतिम वरीयता के मतों की गणना की गई। प्रथम वरीयता की गिनती में किसी को भी कोटे का मत न मिलने के कारण द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती देर रात एक बजे शुरू की गई थी। परिणाम न निकलने पर क्रमानुसार आगे की वरीयता के मत गिने गए। जिसमें राज बहादुर सिंह चंदेल 5229 मत से विजयी हुए। नीचे के क्रम से प्रत्याशियों के मतों को अधिक वरीयता के प्राप्त मतों में जोड़ते हुए गिनती हुई तो एक-एक कर सभी प्रत्याशी बाहर होते गए। शिक्षक सीट पर 888 अवैध माने गए। शिक्षक सीट पर प्रथम वरीयता की गणना पूरी हो चुकी है।
शिक्षक एमएलसी सीट पर भाजपा का नहीं चला जादू
शिक्षक सीट पर पहली बार चुनाव मैदान में उतरी भाजपा को प्रथम वरीयता की गणना के बाद तीसरे नंबर पर रहकर संतोष करना पड़ा। जबकि राज बहादुर सिंह चंदेल 6वीं बार एमएलसी विधायक बनने जा रहे हैं। दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। तीसरी या चौथी वरीयता तक वोटों की गणना के बाद जीत तय होने की संभावना है।