Logo
Header
img

पूजन सामग्री वितरण करते हुए मेयर ने कहा 'भगवान भास्कर सबको दें समृद्धि और शांति'

बेगूसराय, 18 नवम्बर (हि.स.)। सूर्योपासना के महापर्व छठ के अवसर पर शनिवार को बेगूसराय नगर निगम के मेयर पिंकी देवी ने अपने रतनपुर स्थित आवास पर सैकड़ों छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न हिस्से से आए छठ व्रतियों के बीच सभी प्रकार के फल, एवं खरना के लिए दूध का वितरण किया गया। इस अवसर पर मेयर पिंकी देवी, पूर्व मेयर संजय कुमार, मेयर के परिवार के सदस्य, बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य मुकेश जैन, नगर पार्षद गौरव सिंह राणा, युवा जदयू नेता सौरव कुमार सहित अन्य लोगों ने एक-एक कर व्रतियों को सभी सामग्री उपलब्ध कराया। मेयर के इस सराहनीय कार्य की हर ओर चर्चा हो रही है। व्रतियों ने इसके लिए मेयर एवं पूर्व मेयर का आभार जताया है। मौके पर मेयर पिंकी देवी ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हमने जहां तक संभव हो सका छठ व्रतियों के बीच फल एवं दूध का वितरण किया। यह पर्व सभी के आस्था से जुड़ा हुआ है। इस पर्व में सभी ऊंच-नीच और बड़े-छोटे साथ मिलकर एक घाट पर एक साथ सूर्य देव को अर्ध्य देते हैं। इसलिए समाज को एक साथ लेकर हर संभव सामग्री उपलब्ध कराई है। आपसी भाईचारा और सद्भाव बनी रहे। भगवान भास्कर सुख, समृद्धि और शांति दें। पूर्व मेयर संजय कुमार ने कहा कि लोक आस्था के इस महापर्व में प्रत्येक साल लोगों को हर संभव सहयोग करते आ रहे हैं। उनके आशीर्वाद से पहले मुझे और अब मेरी पत्नी पिंकी देवी को नगर निगम की सेवा करने का मौका मिला। उन्हीं के आशीर्वाद से आज उनकी सेवा करने का सौभाग्य मिला है। भगवान भास्कर सभी लोगों को सुख, समृद्धि और शांति दें। हम सब के बीच इसी तरह आपसी भाईचारा और सौहार्द बना रहे। उन्होंने कहा कि छठ पर्व को लेकर नगर के सभी घाट को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। लेकिन वार्ड संख्या 17 में स्थित विष्णुपुर चतुर्भुज पोखर घाट हमेशा देखभाल के कारण उत्कृष्ट स्थान पर है। नगर निगम ने हर घाट पर बेहतर सुविधा का प्रयास कर रहा है। नगर निगम प्रशासन की तत्परता से सभी तालाब में सुविधा उपलब्ध कराया जा रहा है। सीसीटीवी, बैरिकेडिंग एवं रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। जहां भी शिकायत मिलती है, उसमें तुरंत सुधार किया जा रहा है। खरना के अवसर पर सभी प्रकार के फल एवं दूध आदि मिलने से उत्साहित छठ व्रतियों ने कहा कि मेयर पिंकी देवी और पूर्व मेयर संजय कुमार को भगवान आशीर्वाद दें। वह सपरिवार भरे पूरे रहें, आगे बढ़ें, खुश रहे-आबाद रहें। जिससे हम सबों को सहयोग करते रहें। इन्होंने हमेशा से ही हम सबकी सुख सुविधा का ख्याल रखा है। हर सुख दुख में खड़े रहते हैं। हम लोग तो चाहेंगे कि यह सब दिन मेयर रहें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
Top