Logo
Header
img

लूटकांड का चार घंटे में खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

बक्सर, 14 सितंबर (हि.स.)। जिले में नावानगर थाना क्षेत्र के छवड़ुआ मोड़ के पास ट्रक चालक से नकदी और मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर उद्भेदन करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को सूचना मिली थी कि छवड़ुआ मोड़ के समीप चार अज्ञात मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने एक ट्रक चालक से नकद राशि एवं मोबाइल फोन लूट लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बक्सर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम ने सूचना के सत्यापन और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मुकुेश कुमार, कृष्ण कुमार और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में मुकुेश कुमार छवड़ुआ, थाना नावानगर का निवासी है। कृष्ण कुमार, थाना वासुदेवा क्षेत्र का निवासी है, जबकि अभिषेक कुमार सिकरौल थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। कृष्ण कुमार के विरुद्ध रोहतास जिले के दावथ थाना में भी एक मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

इस संबंध में नावानगर थाना कांड संख्या 86/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।

Top