Logo
Header
img

इंदौर में आज से प्रारंभ होगा तीन दिवसीय जैविक महोत्सव

इंदौर, 3 फरवरी (हि.स.)। शहर में आज (शुक्रवार) से तीन दिवसीय जैविक महोत्सव की शुरुआत होने जा रही है। जी-20 समिट के संबंध में यह महोत्सव आगामी 06 फरवरी तक ग्रामीण हाट बाजार ढक्कनवाला कुआं में आयोजित किया जा रहा है। इस महोत्सव का मुख्य उददेश्य स्वच्छ भारत के साथ स्वस्थ भारत भी है। यह महोत्सव जैविक/प्राकृतिक करने वाले कृषक एवं ग्राहक के बीच में एक सेतु का कार्य करेगा ताकि ग्राहको को रसायन मुक्त कृषि उत्पाद एवं कृषकों को उचित मूल्य मिल सके। कृषि तकनीकी प्रबंध संस्था की परियोजना संचालक शर्ली थामस ने बताया कि महोत्सव के दौरान किसान एवं कम्पनियों द्वारा हाट लगाया जाएगा। तीनों दिन संगोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यत गो आधारित खेती, जैविक जीवन शैली एवं स्वस्थ भोजन पर चर्चा होगी। पहले दिन डॉ. खादखली (मिलेट मैन ऑफ इंडिया) तथा मशरूम के क्षेत्र में ख्याति प्राप्त बीनादेवी सम्मेलन में भाग लेंगी। इंदौर में होने वाले जी 20 समिट बैठक के बारे में भी चर्चा की जाएगी। मिलेट फसलों को भोजन में शामिल करने के लाभ बताए जाएंगे तथा किसानों को मिलेट के लाभ से अवगत कराया जाएगा। मिलेट के लिए किसानों को अच्छा बाजार एवं भाव मिल सके, इसकी जानकारी दी जाएगी। प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।
Top