जयपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में छह तस्करों को गिरफ्तार कर करीब 13 किलो 953 ग्राम हेरोइन जब्त की है। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 38 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपिताें से 1.85 लाख रुपये नकद और दो लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की हैं। वहीं पिछले दो दिनों में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो कैंटरों से 1.42 करोड़ रुपये की अंग्रेजी शराब जब्त कर चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपिताें में दो इनामी अपराधी भी शामिल हैं। इनमें एक रावला थाने के मामले में 20 हजार रुपये तथा बीकानेर के खाजूवाला थाने के मामले में दूसरा 15 हजार रुपये का इनामी है।
हनुमानगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि जिले के गोलूवाला थाना क्षेत्र में दो संदिग्ध वाहनों की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस तलाश शुरू की। रोही अयालकी में एमओडी नहर के पास दो वाहन खड़े मिले। वाहनों की तलाशी लेने पर 19 पैकेट में कुल 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन और 1.85 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने मौके से हासम अली (29), उसकी पत्नी रवीना (20), मां गुलजारा (50), निवासी हांसलिया, थाना गोलूवाला, हनुमानगढ़ तथा बलविंदर सिंह (34), निवासी रायपुर गुजरां, थाना महतपुर, तहसील नकोदर, जिला जालंधर को गिरफ्तार किया। वहीं श्रीगंगानगर के रावला थाना क्षेत्र में पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन लेने पहुंचे दो तस्करों को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस के अनुसार थाना सदर के कांस्टेबल कैलाश चंद्र जाखड़ ने सूचना दी थी कि 365 हैड पर पंजाब के दो व्यक्ति पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन लेने आए हैं और रेकी कर रहे हैं। दोनों पंजाबी बोलने वाले व्यक्ति बस का इंतजार कर रहे थे। रावला थाना पुलिस की टीम को देखकर वे वहां से जाने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
जांच के दौरान जसविंद्र सिंह (40) और जसवंत सिंह (40), निवासी चालावली, थाना अरणीवाला, तहसील व जिला फाजिल्का, पंजाब के कब्जे से आठ पैकेट में कुल 4 किलो 132 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में कांस्टेबल कैलाश जाखड़ की विशेष भूमिका रही।
वहीं हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने चंडीगढ़ निर्मित शराब की 380 पेटियों से भरे कैंटर को पकड़ा और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। इस शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपए है। दोनों कार्रवाइयों में कुल चार आरोपित गिरफ्तार किए गए और 1.42 करोड़ रुपए की शराब जब्त की गई।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन और शराब की खरीद-फरोख्त, तस्करी के स्रोत, आपूर्ति नेटवर्क तथा अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटा रही है।