Logo
Header
img

कृषि नवाचारों का महाकुंभ : राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो–2026 का आगाज

नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को “राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो–2026” का दौरा करेंगे। सोमवार को केंद्रीय कृषि यंत्रीकरण एवं परीक्षण प्रशिक्षण संस्थान बुदनी में शुरु हुए इस कार्यक्रम में वे किसानों एवं कृषि उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करेंगे तथा उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अनुभवों से अवगत होंगे। इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य किसानों को उन्नत तकनीकों से जोड़ना, कृषि उत्पादकता में वृद्धि करना तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करना है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार कृषि मंत्री शिवराज सिंह के इस प्रस्तावित दौरे के दौरान अनेक महत्वपूर्ण एवं किसान-केंद्रित पहलों का क्रियान्वयन किया जाएगा। इस अवसर पर नई अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं एवं उन्नत सुविधाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जो कृषि अनुसंधान एवं प्रशिक्षण को नई दिशा प्रदान करेंगी। साथ ही, विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे तकनीकी सहयोग, कौशल विकास एवं नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों से युक्त टूलकिट का वितरण किया जाएगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता एवं उत्पादकता में वृद्धि होगी। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में लगभग 5 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित उन्नत “पिवोट सिंचाई प्रणाली ” का उद्घाटन किया जाएगा, जो जल प्रबंधन एवं आधुनिक सिंचाई तकनीकों का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

यह तीन दिवसीय कृषि प्रदर्शनी किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, उद्योग प्रतिनिधियों तथा विभिन्न संस्थानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों, यंत्रीकरण एवं नवाचारों को समझने एवं अपनाने का एक प्रभावी मंच प्रदान कर रही है।

एक्सपो में आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रोन तकनीक, फसल प्रबंधन, प्रसंस्करण तकनीकों तथा कृषि यंत्रीकरण से संबंधित नवीनतम उपकरणों का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही, किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, तकनीकी नवाचारों एवं स्वरोजगार के अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

बड़ी संख्या में किसानों, उद्यमियों, विद्यार्थियों एवं विशेषज्ञों की सहभागिता के साथ यह एक्सपो कृषि क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हो रहा है।

Top