मुरादाबाद, 05 जून (हि.स.)। मुरादाबाद अंडर-14 क्रिकेट गोल्ड कप के दूसरे मुकाबले में शुक्रवार को पारकर एकेडमी के मैदान पर एमपीएस क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डूमफ्लेयर क्रिकेट एकेडमी को सात विकेट से हरा दिया। मैच में 5 विकेट लेने और बल्ले से 34 रन की उपयोगी पारी खेलने वाले विशुदीप को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए डूमफ्लेयर की पूरी टीम 22.2 ओवर में 97 रन पर सिमट गई। डूमफ्लेयर की ओर से सूर्यकांत ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। उनके अलावा ग्रंथ ने 11, साहिल यादव और रुद्राक्ष ने नौ-नौ रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में 24 रन मिले, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। एमपीएस की ओर से कप्तान विशुदीप ने घातक गेंदबाजी करते हुए छह ओवर में मात्र नौ रन देकर पांच विकेट झटके। आरुष ने दो, राजस भटनागर और वंश सक्सेना ने एक-एक विकेट हासिल किया।
98 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमपीएस क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अयान सुधाकर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद अनंत ने 13 रन और कप्तान विशुदीप ने तेजतर्रार 34 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। विशुदीप ने अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाए। दिव्यांश यादव ने नाबाद 17 और ए. बनर्जी ने नाबाद 12 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। एमपीएस की जीत में अतिरिक्त रनों की भी अहम भूमिका रही। टीम को 23 रन अतिरिक्त के रूप में मिले।
लक्ष्य का पीछा करते हुए एमपीएस ने 14.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 99 रन बना लिए और मुकाबला सात विकेट से अपने नाम कर लिया। मैच में पांच विकेट लेने और बल्ले से 34 रन की उपयोगी पारी खेलने वाले विशुदीप को मैन ऑफ द मैच चुना गया।