Logo
Header
img

भारत-नेपाल के बीच विकास-केंद्रित कूटनीति के एक नए युग को आगे बढ़ाने पर हुई चर्चाः लामिछाने


नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के बाद नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने बुधवार को यहां कहा कि अतीत की चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए नेपाल और भारत के बीच विकास-केंद्रित कूटनीति के एक नए युग को आगे बढ़ाने पर गहन चर्चा हुई।

एक से पांच जून तक भारत दौरे पर आए लामिछाने ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया मंच एक्स पर यह जानकारी साझा की। लामिछाने ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी लगभग एक घंटे तक लंबी और फलदायी बातचीत हुई। मुलाकात के दौरान नेपाल और भारत के द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने, विकास कूटनीति को आगे बढ़ाने तथा साझा हितों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने जैसे विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।

लामिछाने ने लिखा कि नेपाल और भारत अपने साझा सभ्यतागत संबंधों, डिजिटल कॉरिडोर और सुगम कनेक्टिविटी को केंद्र में रखकर ऐसी साझेदारी का निर्माण कर सकते हैं, जिसकी पहचान प्रगति, आपसी विश्वास और साझा समृद्धि से हो।

उन्होंने कहा, “हम केवल साझा सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों, डिजिटल कॉरिडोर तथा बेहतर संपर्क व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करके ही ऐसी साझेदारी का वास्तविक निर्माण कर सकते हैं, जो प्रगति और आपसी विश्वास से परिभाषित हो। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी और भारत के लोगों की साझा समृद्धि के लिए इन संभावनाओं को वास्तविकता में बदलने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।”

लामिछाने और प्रधानमंत्री मोदी की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब नेपाल और भारत दोनों देश आर्थिक सहयोग, डिजिटल संपर्क, व्यापार, बुनियादी ढांचा विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई गति देने पर जोर दे रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चा को द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Top