पांच किलो से अधिक हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार
इंफाल, 25 अप्रैल (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवाद-रोधी और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियानों को तेज़ कर दिया है, जिसके चलते चंदेल ज़िले में हथियारों और विस्फोटकों का एक बड़ी जखीरा बरामद हुआ है। चुराचांदपुर ज़िले में हेरोइन की बड़ी मात्रा के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा आज जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने चंदेल ज़िले के मोलचाम पुलिस स्टेशन के अंतर्गत खुमकोट गांव के सामान्य इलाके में एक अभियान चलाया। तलाशी के दौरान, सुरक्षा बलों ने चार सिंगल बोर राइफलें, चार देसी "पोम्पी" हथियार, सात पोम्पी शेल, एक डेटोनेटर के साथ तीन ग्रेनेड और संबंधित चार्जर के साथ पांच बाओफेंग रेडियो सेट बरामद किए। बरामद की गई चीज़ों के बारे में आगे की जांच चल रही है।
वहीं, बीते 23 अप्रैल को एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर ज़िले के सिंगंगाट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बोलकोट से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान नेंगमुआनलाल और गिनलामथांग गुइटे के रूप में हुई है, जो दोनों सिंगंगाट के एम बुआंगमुन गांव के निवासी हैं और हांगखानलियान के रूप में हुई है, जो हरियाणा के गुड़गांव में चकरपुर का निवासी है।
अभियान के दौरान, कर्मियों ने 474 साबुनदानी ज़ब्त कीं जिनमें संदिग्ध हेरोइन भरी थी, जिसका वज़न लगभग 5.43 किलोग्राम था; इसके साथ ही एक चार-पहिया वाहन भी ज़ब्त किया गया, जिसके बारे में माना जाता है कि इसका उपयोग मादक पदार्थों के परिवहन के लिए किया गया था। ज़ब्त किए गए नशीले पदार्थों की कीमत करोड़ों रुपये आंकी गयी है।