Logo
Header
img

नारी शक्ति के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: महेंद्र भट्ट

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मणिपुर घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में मणिपुर घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पार्टी के लिए सैद्धांतिक, वैचारिक और व्यवहारिक सभी पहलुओं में मातृ शक्ति का सम्मान और स्वाभिमान सर्वोपरि है। इस तरह की वीभत्स और शर्मनाक घटनाओं को लेकर आवाज उठाने वाले सभी पक्षों के साथ पार्टी हमेशा खड़ी है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस प्रकरण पर संयम की अपील की है और गृह मंत्री अमित शाह भी मामले पर नजर रखे हुए हैं। स्थिति सामान्य हो रही है और दोषियों पर कानूनी शिकंजा कसना भी शुरू हो गया है। भट्ट ने कहा कि इस दुखद घटना के विरोध में सभी राजनैतिक दलों और सामाजिक संगठनों की भांति भाजपा भी आहत है। भाजपा भी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मामले पर पैनी नजर है और आरोपित निश्चित रूप से सलाखों के भीतर होंगे। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को इस मुद्दे पर संयम बरतने की जरूरत है।

Top