Logo
Header
img

कालीघाट थाने में फिर बदलाव, 24 घंटे में तीसरी बार बदले ओसी

कोलकाता, 03 मई (हि. स.)। महानगर कोलकाता स्थित कालीघाट थाने के प्रभारी अधिकारी (ओसी) को एक बार फिर बदल दिया गया है। शनिवार को गौतम दास को हटाकर चामेली मुखर्जी को नियुक्त किया गया था, लेकिन 24 घंटे के भीतर ही यह आदेश रद्द कर दिया गया। अब कालीघाट थाने का नया ओसी बलई बाग को बनाया गया है।

बलई बाग इससे पहले कोलकाता पुलिस के भांगड़ डिवीजन के पोलरहाट थाने में अतिरिक्त ओसी के पद पर तैनात थे। उन्हें कोलकाता के दक्षिण डिवीजन के तहत कालीघाट थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह आदेश कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने जारी किया।

पिछले 36 दिनों में यह चौथी बार है जब कालीघाट थाने के ओसी को बदला गया है। चुनाव की घोषणा के बाद भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कोलकाता और राज्य पुलिस में कई फेरबदल किए गए थे। इसी क्रम में 29 मार्च को पहली बार ओसी बदले गए थे, जब डिटेक्टिव डिपार्टमेंट के उत्पल घोष को नियुक्त किया गया था। हालांकि, एक महीने के भीतर ही उन्हें हटा दिया गया।

इसके बाद 25 अप्रैल को स्पेशल ब्रांच के गौतम दास को ओसी बनाया गया, लेकिन दो मई को उन्हें निलंबित कर दिया गया। उनकी जगह चामेली मुखर्जी को नियुक्त किया गया, जो उल्टाडांगा महिला थाने की ओसी थीं। कुछ ही घंटों में यह फैसला भी बदल दिया गया और अब बलई बाग को जिम्मेदारी दी गई है।

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट के कारण गौतम दास के खिलाफ कार्रवाई की गई। तृणमूल कांग्रेस ने एक तस्वीर साझा कर इसे आपत्तिजनक बताया था, जिसमें कथित तौर पर गौतम दास पुलिस वर्दी में एक आधुनिक हथियार के साथ नजर आ रहे थे। पार्टी ने इस मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल और पुलिस आयुक्त को शिकायत भी भेजी थी।

हालांकि, गौतम दास को हटाने या निलंबित करने के कारणों पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई इसी विवाद से जुड़ी है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर 23 और 29 अप्रैल को मतदान हो चुका है और चार मई को मतगणना होनी है। कालीघाट थाना मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास क्षेत्र में आता है, जहां मतगणना से पहले बार-बार ओसी बदलने को लेकर चर्चा तेज है।


Top