जोधपुर, 16 सितम्बर (हि.स.)। केरल के वायनाड में आई भीषण बाढ़ के कारण वहां के लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है, कई लोग बेघर हो गए हैं। इसको लेकर युवा कांग्रेस की टीम वायनाड में बाढ़ पीडि़तों की मदद करने के लिए सक्रिय हो गई है। राजस्थान में युवक कांग्रेस क्राउड फंडिंग के जरिये सहयोग राशि जुटाएगी। इस संबंध में युवा कांग्रेस जोधपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष पुखराज दिवराया के नेतृत्व में पूर्व राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी व पूर्व अध्यक्ष रामनिवास बुद्धनगर की उपस्थिति में बाढ़ पीडि़तों की मदद करने के लिए पोस्टर का विमोचन कर क्यूआर कोड जारी किया।
जिलाध्यक्ष दिवराया ने बताया कि राजस्थान सहित देशभर में भीषण बाढ़ से तबाही हुई है, जिसमें जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। केरल के वायनाड़ में बाढ़ से वहां के हजारों लोग बेघर हो गए हैं, उनके घर बाढ़ में ढह गए हैं। उनकी संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बाढ़ प्रभावित लोगों के जान-माल के हुए नुकसान पर चिंता जताई है। उन्होंने वायनाड़ में 40-50 ऐसे घर जो पूरी तरह से ढह गए हैं, उनके पुननिर्माण करवाने की पहल की है। जिसमें एक घर बनाने में लगभग 10 लाख रुपये खर्च होंगे। भारतीय युवा कांग्रेस ने राहुल गांधी को की इस चिंता में आगे आकर मदद का हाथ बढ़ाए जाने का उन्हें भरोसा दिलाया है। युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष रामनिवास बुद्धनगर ने बताया कि सभी मिलकर मदद का हाथ बढ़ाएं, एक छोटी से मदद किसी का टूटा घर बना सकती है। देश और प्रदेश में बाढ़ से आई आफत से राहत, पुनर्वास और पुननिर्माण के लिए भारतीय युवा कांग्रेस के निर्देश पर जोधपुर युवा कांग्रेस जिले से ब्लॉक और पंचायत स्तर पर अभियान चलाकर क्राउड फंड जुटाने का कार्य करेगी।