रेल मंडल द्वारा बिना टिकट अनाधिकृत रूप से ट्रेन में यात्रा करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में समय-समय पर टिकट चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाती है। जून माह में चेकिंग स्टाफ द्वारा उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य से 25.45 फीसदी अधिक मामले पकड़े गए। इसके फलस्वरूप जुर्माना के रूप में वसूली गई धनराशि में 52.96 फीसदी का इजाफा हुआ है। झांसी मंडल को जून माह में 55 हजार अनाधिकृत यात्रियों को पकड़ने का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। इसके सापेक्ष 70 हजार मामले पकड़े गए। वहीं, जुर्माना वसूलने के लिए 3.72 करोड़ रुपए का लक्ष्य दिया गया था,जिसके सापेक्ष चेकिंग स्टाफ द्वारा 5.69 करोड़ रुपए वसूले गए।
झांसी रेल मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा पिछली तिमाही अप्रैल-जून में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया है। तीन महीनों में कुल 1.68 लाख अनाधिकृत यात्री पकड़े गए। इनसे 12.65 करोड़ रुपए की धनराशि जुर्माने के रुप में वसूली गई। यह धनराशि निर्धारित लक्ष्य 11.79 करोड़ रुपए से 7.27 फीसदी अधिक है। मंडल के सभी स्टेशनों, ट्रेनों में टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा मुस्तैदी के साथ कार्य कर निर्धारित लक्ष्य से अधिक का आंकड़ा प्राप्त किया है।
मंडल रेल प्रबंधक की अपील
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि बिना टिकट अनाधिकृत यात्रा करने वाले लोग अपने सहयात्रियों के लिए असुविधा खड़ी करते हैं। इसके साथ ही रेल राजस्व को भी नुकसान पहुंचाते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भी यह घातक होता है। हमारी सभी यात्रियों से अपील है कि अधिकृत टिकट लेकर ही यात्रा करें। रेल के सुगम संचालन में सहयोग दें।