नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स)। पश्चिम एशिया संकट के बीच इंडिगो एयरलाइन 24 मार्च को भी चुनिंदा उड़ानें संचालित करेगी। एयरलाइन ने यात्रियों को अंतिम समय में संभावित परिवर्तनों के कारण हवाई अड्डों पर जाने से पहले उड़ान की स्थिति की जांच करने की सलाह दी है। कंपनी ने साथ ही उड़ानों की समय-सारिणी जारी की है।
एयरलाइन ने एक बयान में बताया कि मध्य पूर्व की स्थिति में लगातार हो रहे बदलावों के मद्देनजर उड़ानें तय कार्यक्रम के अनुसार ही चल रही हैं।साथ ही चेतावनी भी दी कि पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति के कारण उड़ानों के समय में कम समय के नोटिस पर बदलाव हो सकता है। इंडिगो ने यात्रा परामर्श में बताया कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले http://bit.ly/31paVKQ पर अपनी उड़ान की स्थिति की जांच कर लें।
एयरलाइन ने कहा कि किसी भी अपडेट की जानकारी ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए उनके पंजीकृत संपर्क विवरणों पर सूचनाएं भेजी जा रही हैं। किसी भी प्रश्न या आवश्यक सहायता के लिए हमारे संपर्क केंद्र पर एक विशेष सहायता डेस्क भी उपलब्ध है। हम संबंधित अधिकारियों के समन्वय से स्थिति पर लगातार नज़र रख रहे हैं, क्योंकि हमारे हर निर्णय के मूल में सुरक्षा ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।