सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल, किया प्रसाद ग्रहण
सावन के पवित्र अधिमास के 5वें सोमवार को भगवान शिव पर जलाभिषेक एवं रूद्राभिषेक कराने से हर मनोकामना पूर्ण होती है। कोरबा विधायक एवं राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा की खुशहाली, समृद्धि एवं स्वस्थ कोरबा की मंगल कामना को लेकर नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्र. 59 में कुसमुण्डा विकासनगर स्थित भगवान शिव मंदिर में स्थित भगवान शिव का महारूद्राभिषेक कराया। इस महापूजन में अग्रवाल के साथ उनकी धर्मपत्नी एवं पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल ने मिलकर घंटो तक विधि विधान के साथ भगवान शिव का रूद्राभिषेक कराया।
पंडित पवन द्विवेदी के सानिध्य में अन्य पंडितों की उपस्थिति में भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए दिव्य मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का आह्वान किया गया और भगवान शिव की पूजा अर्चना कर राजस्व मंत्री ने सपत्नीक जिला एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव भोले भंडारी हैं और सहज पूजा से ही वे प्रसन्न हो जाते हैं। उन्होंने भगवान शिव से खेती किसानी की समृद्धि की भी कामना की।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से महापौर राजकिशोर प्रसाद, विकास सिंग, सनीष कुमार, गीता गभेल, भुनेश्वरी देवी, प्रेमा चन्द्रा, मीरा अग्रवाल, भुरी बाई गभेल सहित अन्य गणमान्य नागरिक तथा क्षेत्र के श्रद्धालुजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे। रूद्राभिषेक सपन्न होने के बाद परिसर में भोग प्रसाद का भी वितरण किया गया। यहां उपस्थित सैकड़ो श्रद्धालुओं ने भोग प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।