मुंबई, 14 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को मुंबई में कहा कि उत्तर मुंबई के कांदिवली में 37 एकड़ जमीन पर क्रीड़ा प्रशिक्षण संकुल बनाया जाएगा। साथ ही मुंबई में पिछले 20-25 साल से रुके विकास कार्यों को जल्द पूरा किया जाएगा।
पीयूष गोयल ने बुधवार को मुंबई में पत्रकारों को बताया कि आज मुंबई नगर निगम, स्लम पुनर्वास प्राधिकरण, म्हाडा और एमएमआरडीए के अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक हुई। इस बैठक में उत्तर मुंबई और मुंबई में विभिन्न रुकी हुई परियोजनाओं के कार्यान्वयन के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इस बैठक में कांदिवली में 37 एकड़ भूमि पर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रीड़ा प्रशिक्षण संकुल स्थापित करने की परियोजना में तेजी लाने का निर्णय लिया गया। आज की बैठक के बाद पिछले 20-25 साल से रुके राष्ट्रीय खेल प्राधिकरण प्रोजेक्ट का रास्ता साफ हो गया है। भविष्य में यहां एशियाई, राष्ट्रीय, राष्ट्रमंडल और ओलंपिक स्तर के एथलीटों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पीयूष गोयल ने कहा कि कांदिवली में कौशल विकास केंद्र अगले दो महीनों में और शिमपोली में कौशल विकास केंद्र अगले 6-8 महीनों में चालू हो जाएगा। गोयल ने कहा कि इन बहुविषयक केंद्रों से पालघर तक के निवासियों को लाभ होगा।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ भागवत कराड, विधायक योगेश सागर, मनीषा चौधरी, सुनील राणे, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गणेश खांकर, ओमप्रकाश चौहान आदि उपस्थित रहे।