Logo
Header
img

हिसार: बाढ़ के पानी की निकासी का पुख्ता प्रबंध करने में असफल रही सरकार : मनोज राठी

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज राठी ने प्रदेशभर में आई बाढ़ व पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंध न किए जाने पर प्रदेश सरकार की आलोचना की है। बुधवार को उन्होंने कहा कि सत्ता संरक्षण में हुुए अवैध खनन की वजह से प्रदेश के कई हिस्से बाढ़ की चपेट में आ गए, जिस पर यह सरकार चुप है।

उन्होंने मांग की कि पिछले नौ वर्ष के शासनकाल में बाढ़ निकासी प्रबंधों पर हुए खर्च की न्यायिक जांच करवाई जाए।प्रदेश में बाढ़ की विभीषिका पर सरकार की आलोचना करते हुए मनोज राठी ने बुधवार को कहा कि बाढ़ की वजह से हजारों लोग बेघर हुए हैं। उनकी फसलों का नुकसान हुआ है। उनके घर व ढाणियां पानी में डूब गए, लेकिन सरकार अब भी कहीं दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से मार झेल रहे किसान वर्ग पर प्रकृति की यह एक और मार पड़ी है, जिसकी भरपाई किसान वर्ग तो कई वर्ष तक भी नहीं कर पाएगा।

मनोज राठी ने कहा कि यमुना के क्षेत्र में यमुनानगर से सोनीपत तक सत्ता के संरक्षण में हुई अवैध खनन बाढ़ का प्रमुख कारण बनी। यहां से नदी ने रास्ता बदला और यह बाढ़ का प्रमुख कारण बनी। अवैध खनन में सत्तारूढ़ दल के नेता सीधे रूप से शामिल हैं, लेकिन इस मामले में सरकार मुंह खोलने से बच रही है। उन्होंने कहा कि यूपीए शासन के भ्रष्टाचार के खिलाफ राग अलापकर सत्ता में आई भाजपा ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

Top