इंदौर, 4 अप्रैल। स्नेह नगर बावड़ी हादसे के बाद नगर निगम जाग गया है। ऐसे तमाम कुओं को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है, जिन पर स्लैब डालकर अवैध निर्माण किया गया है। ऐसे ही तीन स्थानों पर आज नगर निगम का बुलडोजर चलेगा। इनमें चोइथराम स्कूल और परसराम पुरिया स्कूल भी शामिल हैं।
नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सर्वे के पहले चरण में ही शहर में 60 कुएं और बावड़ियां ऐसी मिली हैं, जिन पर स्लैब डालकर अवैध निर्माण कर लिया गया है। अवैध निर्माण करने वालों में चोइथराम और परसराम पुरिया जैसे प्रतिष्ठित स्कूल भी शामिल हैं।
चोइथराम स्कूल प्रबंधन कुएं पर स्लैब डालकर रास्ते के रूप में इस्तेमाल करने लगा। परसराम पुरिया स्कूल इससे एक कदम आगे निकलते हुए कुएं पर स्टोर रूम ही बना लिया। नेहरूनगर में भी कुएं पर स्लैब डालकर रहवासियों ने पार्किंग बना ली। अब नगर निगम मंगलवार को इन तीनों जगह पर कार्रवाई करेगा।
नगर निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शहर की 629 कुएं-बावड़ियों के सर्वे का काम पूरा हो गया है। पहले चरण में चिन्हित 60 स्थानों पर कार्रवाई की जाएगी। इन सभी जगह कुएं-बावड़ियों पर स्लैब मिले हैं। इन्हें हटाया जाएगा। कुएं-बावड़ियों पर मुंडेर बनाकर सुरक्षित किया जाएगा। अब निजी स्थानों पर भी कुएं-बावड़ियों की जांच की जाएगी।