अम्बाला: गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा परेड की सलामी लेंगे
अम्बाला, 21 जनवरी:-
उपायुक्त डा0 प्रियंका सोनी ने बताया कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा परेड की सलामी लेंगे। समारोह के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा मास पीटी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ एनसीसी व पुलिस की टुकडिय़ों द्वारा पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज एसडीएम अम्बाला शहर दर्शन कुमार ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ-साथ कार्यक्रम स्थल से जुड़े कार्यो का अवलोकन किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के दृष्टिगत सम्बन्धित शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
एसडीएम दर्शन कुमार ने शनिवार को पुलिस लाईन मैदान अम्बाला शहर में गणतंत्र दिवस समारोह में प्रस्तुत की जाने वाली प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि उपायुक्त डा0 प्रियंका सोनी के मार्गदर्शन में समारोह के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर सम्बन्धित अधिकारियों को उनके विभाग से सम्बन्धित जिम्मेवारी सौंपते हुए सभी कार्यों को समय रहते पूरा करने बारे निर्देश भी दिए हुए हैं। उन्होंने ये भी बताया कि 24 जनवरी को पुलिस लाईन मैदान अम्बाला शहर में फुल ड्रैस रिहर्सल का आयोजन भी किया जायेगा।
शनिवार को पुलिस लाईन मैदान अम्बाला शहर में पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने मास पीटी, डीसी मॉडल स्कूल अम्बाला छावनी के विद्यार्थियों द्वारा सूर्य नमस्कार की बेहतर प्रस्तुति पेश करते हुए पूर्वाभ्यास किया। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के तहत गुरूकुल चमन वाटिका स्कूल के विद्यार्थियों ने महिला सशक्तिकरण विषय पर, दर्शन अकादमी अम्बाला छावनी के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति विषय पर, सैंट जोसफ स्कूल के विद्यार्थियों ने भारत एक राग, मुरलीधर डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने हरियाणवी डांस, सोहन लाल डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा ग्रुप सोंग, एसवीएम बाल भारती स्कूल अम्बाला शहर के विद्यार्थियों द्वारा भंगड़ा तथा एसए जैन माडल स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान की प्रस्तुति का पूर्वाभ्यास किया। इसी प्रकार एनसीसी व पुलिस की टुकड़ी ने मार्च पास्ट का पूर्वाभ्यास किया। इस मौके पर डीईओ सुधीर कालड़ा, डीआईपीआरओ धर्मेन्द्र कुमार, राजेन्द्र जिंदु, अमरेन्द्र, भीमसेन व अन्य सम्बधिंत मौजूद रहें।