Logo
Header
img

ट्रकों व कैब की हड़ताल से हरियाणा में जनजीवन पर असर

नए हिट एंड रन कानून के विरोध में चल रही हड़ताल से हरियाणा में जनजीवन पर असर पड़ने लगा है। मंगलवार को प्रदेश में दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रहेगी। जिसके चलते पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो सकती है। निजी ट्रक चालकों ने मंगलवार से पानीपत रिफाइनरी व बहादुरगढ़ प्लांट से तेल लोड करने से इनकार कर दिया है। जिस कारण मंगलवार रात तक हरियाणा में इस हड़ताल के चलते पेट्रोल पंपों पर असर दिखाई दे सकता है। हड़ताल अगर लंबी चलती है तो मंडियों तथा मार्केट में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। सोमवार को हरियाणा के जींद, कैथल, करनाल, कुरूक्षेत्र, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा व यमुनानगर जिलों में हड़ताल का असर देखने को मिला। प्रदेश में कई जिले ऐसे हैं जहां सरकारी बस सेवा नहीं है। जिसके चलते लोग प्राइवेट मैक्सी कैब पर निर्भर करते हैं। सोमवार को हड़ताल के कारण दिनभर हजारों लोग परेशान होते रहे। हरियाणा पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक शमशेर सिंह गोगी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि अगर ये कानून रहा तो कोई भी गाड़ी नहीं चलाएगा। सरकार को इस कानून पर दोबारा विचार करना चाहिए। इसी दौरान प्रदेश के ऑटो चालकों ने भी मंगलवार की हड़ताल में शामिल होने का ऐलान कर दिया है।
Top