Logo
Header
img

ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर मंगलवार से 11 फरवरी तक होगी खेलमय

ग्वालियर, 30 जनवरी (हि.स.)। भारत के हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर मंगलवार, 31 जनवरी से 11 फरवरी तक खेलमय होगी। मौका होगा यहाँ आयोजित हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स– 2022 का। सोमवार शाम को राजधानी भोपाल स्थित तात्याटोपे स्टेडियम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर, केन्द्रीय खेल और युवा कार्यक्रम राज्य मंत्री निशिथ प्रामाणिक एवं प्रदेश की खेल व युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र सहित प्रदेश के अन्य मंत्रिगणों की मौजूदगी में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का रंगारंग एवं भव्य शुभारंभ हुआ। यहाँ कम्पू खेल परिसर में बड़ी टीवी स्क्रीन पर सीधे प्रसारण के जरिए भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी, एसडीएम विनोद सिंह तथा खेलो इंडिया के अधिकारीगण, प्रतियोगिता में सहभागिता करने जा रहे खिलाड़ियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने भोपाल में आयोजित हुए शुभारंभ समारोह में सहभागिता की। ज्ञात हो ग्वालियर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 31 जनवरी से 11 फरवरी तक होने जा रहा है। ग्वालियर को हॉकी, बैडमिंटन, जिम्नास्टिक व मार्शल आर्ट खेल कलरीपयट्टु की मेजबानी मिली है। ग्वालियर के अलावा 30 जनवरी से 11 फरवरी तक प्रदेश के 8 शहरों में भी खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगीं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में देश भर के शीर्षस्थ खिलाड़ी भाग लेने आए हैं। देशभर के खिलाड़ी दिखायेंगे अपना दमखम खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत कम्पू खेल परिसर (मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी) में हॉकी व बैडमिंटन तथा एलएनआईपीई में जिम्नास्टिक व मार्शल आर्ट कलरीपयट्टु की प्रतियोगितायें होंगीं। कम्पू खेल परिसर स्थित बैडमिंटन अकादमी में 31 जनवरी से 03 फरवरी तक बैडमिंटन प्रतियोगितायें होंगीं। इसी तरह एलएनआईपीई के मल्टीपर्पज हॉल में एक से पाँच फरवरी तक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता होगी। कम्पू खेल परिसर में 4 से 10 फरवरी तक हॉकी प्रतियोगिता होगी। एलएनआईपीई के मल्टीपर्पज हॉल में 8 से 10 फरवरी तक मार्शल आर्ट कलरीपयट्टु खेल में देश भी से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखायेंगे।
Top