लखनऊ, 23 जनवरी(हि.स.)। लखनऊ में गणतंत्र दिवस की तैयारियों में जुटे नगर निगम व वन विभाग के कर्मचारियों ने सोमवार को परिवर्तन चौक से इमामबाड़ा मार्ग पर हरे पेड़ को काट दिया। हरे पेड़ों की मोटी डाल काटने से सड़क पर यातायात प्रभावित भी हुआ।
नगर निगम के जोन अधिकारी नरेन्द्र देव ने बताया कि आने वाले कार्यक्रमों गणतंत्र दिवस व जी ट्वेंटी के मद्देनजर पेड़ों की छटाई की गयी है। इसमें सड़क की ओर झुकी डालियों को काटा गया है। ठेकेदार के माध्यम से यह कटाई हुई है। वर्तमान समय में लखनऊ को स्वच्छ व सुंदर रखने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पेड़ों की छटाई की गयी है।
उन्होंने बताया कि बड़े पेड़ों व मोटी डालियों को वन विभाग के अधिकारी के निर्देशानुसार कर्मचारी काट रहे हैं। नगर निगम अपने स्तर पर पेड़ों की डाल को काटने के क्रम में जुटा हुआ है। शहर के विभिन्न स्थानों पर पेड़ काटने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा नगर निगम से जुड़ी सड़कों के मरम्मत व पार्कों के पौधों की छटाई का कार्य भी हो रहा है।
वहीं परिवर्तन चौक से सुबह के वक्त गुजर रहे वाहनों की रफ्तार धीमी हुई तो इसका असर यातायात व्यवस्था पर हुआ। कुछ मिनटों के पश्चात ही इमामबाड़ा की ओर से आने वाले वाहनों से मार्ग जाम हो गया। इसी दौरान स्कूली बसें भी जाम का शिकार हो गयी।