Logo
Header
img

नक्सलवाद खत्म हुआ... लेकिन दिनेश के परिवार का संघर्ष अब भी जारी!


नक्सलवाद खत्म हुआ... लेकिन दिनेश के परिवार का संघर्ष अब भी जारी!

-पुलिस मुखबिर होने के संदेह में नक्सलियों ने की थी दिनेश गावड़े की हत्या

-तीन साल बाद भी सरकारी मदद के सहारे चल रहा परिवार का जीवन

लाहेरी (गढचिरौली) 25 नवंबर (हि.स.) । गढ़चिरौली जिले में नक्सलवाद का प्रभाव समाप्त होने के साथ ही शांति और विकास के नए दौर की शुरुआत हुई है। बंदूकों की गूंज थम गई है, लेकिन नक्सली हिंसा में अपनों को खो चुके परिवारों के जीवन से दुख और संघर्ष का अंधेरा अब तक दूर नहीं हुआ है। भामरागढ़ तहसील के लाहेरी निवासी दिनेश गावड़े की नक्सलियों ने पुलिस मुखबिर होने के संदेह में बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस घटना को तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन दिनेश के परिवार की मुश्किलें आज भी कम नहीं हुई हैं। परिवार का कमाऊ बेटा छिन जाने के बाद अब एक बुजुर्ग पिता और दिव्यांग बेटी का भविष्य चिंता का विषय बना हुआ है। सरकारी आर्थिक सहायता के सहारे परिवार किसी तरह गुजर-बसर कर रहा है।

भामरागढ़ तहसील के लाहेरी पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत पेनगुंडा में 15 नवंबर 2023 की रात यह सनसनीखेज घटना हुई थी। पेनगुंडा-नेलगुंडा मार्ग पर दिनेश गावड़े का शव मिला था। नक्सलियों ने पत्थरों से कुचलकर उसकी हत्या की थी। घटनास्थल पर नक्सलियों द्वारा छोड़े गए पत्र में दिनेश को पुलिस मुखबिर बताते हुए उसकी हत्या की जिम्मेदारी का उल्लेख किया गया था।

दिनेश ने अपना निजी ट्रैक्टर काम के लिए पेनगुंडा भेजा था। उसी की देखरेख के लिए वह वहां गया हुआ था। इसी दौरान आधी रात को नक्सली उसे गांव के बाहर ले गए और उसकी हत्या कर दी। हालांकि, तत्कालीन पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने स्पष्ट किया था कि दिनेश पुलिस का मुखबिर नहीं था।

विचारधारा और राजनीतिक सक्रियता भी बनी निशाने की वजह?

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, दिनेश की हत्या के पीछे केवल मुखबिर होने का संदेह ही वजह नहीं था, बल्कि उसकी विचारधारा से भी नक्सली नाराज थे। दिनेश भाजपा का कार्यकर्ता था और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारों से प्रभावित था। राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ वह व्यवसाय के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाना चाहता था। उसका सपना था कि वह अपने पैरों पर खड़ा हो, आर्थिक रूप से मजबूत बने और अपने परिवार को बेहतर जीवन दे। लेकिन नक्सलियों की हिंसा ने उसके इन सपनों को हमेशा के लिए छीन लिया। तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गढ़चिरौली दौरे के दौरान ही यह हत्या हुई थी। माना जाता है कि सरकार को संदेश देने के उद्देश्य से भी नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया था।

बूढ़े कंधों पर परिवार का बोझ, बेटी के भविष्य की चिंता

नक्सलवाद का प्रभाव कम होने के बाद जब लाहेरी में दिनेश के परिवार की स्थिति का जायजा लिया गया, तो वहां की वास्तविकता बेहद मार्मिक नजर आई। दिनेश के परिवार में अब उसके बुजुर्ग पिता पुस्सू गावड़े और एक बौद्धिक दिव्यांग बहन ही रह गए हैं। परिवार का गुजारा शासन से मिली आर्थिक सहायता के सहारे हो रहा है। उम्र ढल चुकी है, शरीर पहले जैसी मेहनत करने में सक्षम नहीं है, लेकिन इसके बावजूद पुस्सू गावड़े को अपनी तीन एकड़ खेती में काम करना पड़ता है। इसकी सबसे बड़ी वजह है अपनी बेटी के भविष्य की चिंता। उन्हें लगातार यह सवाल परेशान करता है कि उनके बाद उनकी बेटी की देखभाल कौन करेगा? उसका जीवन कैसे चलेगा...?

बेटे को खोने का दर्द और बेटी के भविष्य की चिंता, इन दोनों के बीच यह बुजुर्ग पिता आज भी जिंदगी की जंग लड़ रहा है। जिस बेटे से बुढ़ापे का सहारा मिलने की उम्मीद थी, वही बेटा अब इस दुनिया में नहीं है। दिनेश के साथ परिवार की आर्थिक मजबूती और बेहतर भविष्य की उम्मीदें भी खत्म हो गईं।

नक्सलवाद का अंत हुआ, अब पीड़ित परिवारों के पुनर्वास की बारी

गढ़चिरौली जिले से नक्सलवाद का प्रभाव समाप्त होना निश्चित रूप से शांति और विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। लेकिन नक्सली हिंसा में अपने परिवार के कमाऊ सदस्यों को खो चुके लोगों का क्या? उनके पुनर्वास की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? बुजुर्गों की सुरक्षा, निराश्रितों के जीवनयापन और दिव्यांगों के भविष्य की स्थायी व्यवस्था कब होगी ?

नक्सलियों ने दिनेश की हत्या कर केवल एक युवक की जिंदगी नहीं छीनी, बल्कि पूरे परिवार का भविष्य अंधकार में धकेल दिया। बंदूकों की आवाज बंद हो जाने मात्र से हिंसा के घाव नहीं भरते। इन घावों पर मरहम लगाने के लिए आर्थिक सहायता के साथ-साथ स्थायी पुनर्वास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा भी जरूरी है।

नक्सलवाद का अध्याय भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन दिनेश गावड़े जैसे पीड़ित परिवारों की पीड़ा अब भी जिंदा है। गढ़चिरौली में शांति की असली सफलता तभी मानी जाएगी, जब नक्सली हिंसा से उजड़े परिवारों को भी सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन मिल सकेगा।

----------------------------

Top