भोपाल, 2 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी भोपाल में आज से ई-बाइक की सुविधा उपलब्ध होने जा रही है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान गुरुवार को स्मार्ट पार्क से इसका शुभारंभ कर रहे हैं। यहां से सभी ई-बाइक एक रैली के रूप में टीटी नगर स्टेडियम ले जाई जाएंगी, जहां पर कुछ बाइक खेलो इंडिया में शामिल होने आए खिलाड़ियों के लिए छोड़ दी जाएंगी। बाकी को भोपाल में बने छह स्टेशनों पर खड़ा कर दिया जाएगा।
स्मार्ट सिटी कंपनी ने पीपीपी मोड पर ई बाइक का काम चार्टर्ड कंपनी को दिया है। स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ गौरव बैनल ने बताया कि इन बाइक के एवज में स्मार्ट सिटी कंपनी ने कोई रकम खर्च नहीं की है। संचालन करने वाली कंपनी कुल आय की 10% रकम स्मार्ट सिटी कंपनी को देगी। इसके लिए शहर में छह स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें आईएसबीटी, एमपी नगर जोन-1, अटल पथ, टीटी नगर स्टेडियम, वन विहार और बोट क्लब शामिल हैं। एक चार्जिंग में एक ई-बाइक 35 किमी की दूरी तय कर सकेगी। इसके लिए एक एप्लीकेशन बनाई गई है। इसके जरिए ई-बाइक पर लगे क्यूआर कोड स्कैन करते ही बाइक अनलॉक हो जाएगी।
फिलहाल शहर में स्मार्ट बाइक की सुविधा उपलब्ध है। इन्हें इस्तेमाल करने वालों की संख्या भले ही बढ़ रही हो, लेकिन बहुत से लोग लंबी दूरी में स्मार्ट बाइक को पसंद नहीं करते हैं। इसकी बड़ी वजह भोपाल की भौगोलिक संरचना भी है। क्योंकि भोपाल की जमीन उतार-चढ़ाव वाली है। ऐसे राइडर्स के लिए ई-बाइक आवाजाही के लिए एक बेहतर विकल्प साबित होगा।
इस तरह होगा संचालन
ई बाइक के लिए पहले 15 मिनट के एवज में उपभोक्ता को 20 रुपए देना होगा। इसके बाद हर मिनट पर एक रुपए चार्ज लगेगा। हर ई-बाइक को जीपीएस के जरिए स्मार्ट सिटी दफ्तर में बने कंट्रोल रूम से मॉनिटर किया जाएगा। यदि किसी बाइक की बैटरी डिस्चार्ज होती है तो संचालन कंपनी का स्टाफ मौके पर पहुंचकर बैटरी बदलेगा। गूगल प्ले स्टोर से चार्टर्ड बाइक एप डाउनलोड करनी होगी। इस पर रजिस्ट्रेशन के बाद न्यूनतम सुरक्षा निधि 100 रुपए देनी होगी। इसके बाद यूजिंग चार्ज लगेगा।