देवरिया, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद की श्रीरामपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार की सुबह एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने वाहन से 63 पेटी में 544 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 4 लाख 11 हजार रुपये है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि थाना श्रीरामपुर पुलिस ने शुक्रवार सुबह संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिहार ले जाने के लिए एक स्कॉर्पियो वाहन संख्या BR 01PK 3321 में अवैध शराब लादी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने टोला अहिबरन राय के पास घेराबंदी कर वाहन की जांच की। तलाशी के दौरान वाहन से ‘ऑफिसर च्वाइस’ ब्रांड की 63 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि पुलिस के पहुंचते ही वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार अभियुक्त की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस संबंध में थाना श्रीरामपुर पर मुकदमा आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।