Logo
Header
img

दिल्ली हाई कोर्ट ने एसीपी मनस्वी वशिष्ठ के मामले में स्वतः संज्ञान से किया इनकार


दिल्ली हाई कोर्ट ने एसीपी मनस्वी वशिष्ठ के मामले में स्वतः संज्ञान से किया इनकार

नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। आज कुछ वकीलों ने दिल्ली उच्च न्यायालय कार्यवाहक चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव साम्ब्रे की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष मेंशन करते हुए दिल्ली पुलिस के एसीपी मनस्वी वशिष्ठ के आचरण पर स्वत: संज्ञान लेने की मांग की। कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेने से इनकार कर दिया।

उच्च न्यायालय ने वकीलों से कहा कि वे सभी उपलब्ध दस्तावेज के साथ एक उचित याचिका दायर करें, जिस पर अदालत विचार करेगी। मेंशनिंग के दौरान वकीलों ने कोर्ट को बताया कि उनके खिलाफ “AK-47 का इस्तेमाल” और “काले कोट के गुंडे” जैसी टिप्पणियां की गईं। एक वकील ने चीफ जस्टिस से कहा कि आप हमारे मुखिया हैं। अगर आप इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हैं, तो हमें तसल्ली मिलेगी। तब कोर्ट ने कहा कि आप याचिका दायर करें, कोर्ट उस पर विचार करेगी।

दरअसल, 2 नवंबर को ये पुलिसकर्मी पुलिस मुख्यालय के बाहर एकत्र होकर शाहदरा पुलिस स्टेशन में हुई झड़प के बाद एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और इंस्पेक्टर अरुण कुमार को उनके पुराने पदों पर वापस तैनात करने की मांग कर रहे थे। यह विवाद तब शुरू हुआ था, जब एक बहस के दौरान वकील ललित बंसल के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिसके बाद वकीलों ने पुलिस के बर्ताव पर सवाल उठाए थे। वकीलों ने आरोप लगाया कि एसीपी मनस्वी वशिष्ठ ने अपनी रिवॉल्वर दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया। वशिष्ठ को वकीलों को कथित तौर पर धमकाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

Top