फतेहाबाद, 9 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा संयुक्त विद्यालय संघ का प्रतिनिधिमंडल स्कूल संबंधी अपनी मांगों को लेकर अध्यक्ष बिजेन्द्र मान के नेतृत्व में सीएम के निमंत्रण पर संत कबीर निवास चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने सीएम को स्कूल संचालन में आने वाली कठिनाइयों से अवगत कराया गया।
शुक्रवार को फतेहाबाद के पॉयनियर स्कूल के संचालक विजय निर्मोही ने बैठक बारे जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और जिनमें से कुछ मांगों का तत्काल निवारण करने का भी आदेश दिया। बाकी मांगों को एक कमेटी बनाकर शीघ्र की हल करने का आश्वासन दिया। अगले सप्ताह कमेटी अधिकारियों से मिलकर बाकी मांगों पर विस्तार से चर्चा करेगी ताकि उनका सही प्रकार से निवारण किया जा सके। शिष्टमंडल में फतेहाबाद से विजय निर्मोही, ओपी बिश्नोई, परीक्षित बिश्नोई, सुधीर अरोड़ा, पानीपत से रामफल सैनी, सोनीपत से राजेंद्र सिंह और लवानिया, जींद से सुभाष श्योराण, विनोद हसीजा, वजीर ढांडा व वीरेंद्र सैनी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
बातचीत में मुख्यमंत्री ने एमआईएस पोर्टल खोलने, सोसाइटी के रजिस्ट्रेशन व उनकी रिन्युवल पर लगने वाली लेट फीस तत्काल प्रभाव से माफ करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 134ए के तहत 113 करोड़ की राशि पूर्व में दी जा चुकी है बाकी 38 करोड़ की राशि एक महीने के अंदर अंदर जारी कर दी जाएगी। परमिशन व स्थाई मान्यता प्राप्त स्कूलों का 1 साल का एफीलिएशन का एक्सटेंशन पीरियड बढ़ा दिया गया है। बाकी सभी मांगों को कमेटी की रिपोर्ट के बाद शीघ्र अति शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया है।अगले सप्ताह कमेटी की मीटिंग प्रस्तावित है। इस पर प्रतिनिधिमंडल ने सीएम का आभार व्यक्त किया।